रिपोर्ट- आशीष कुमार!
गिरियक प्रखंड में चलाया गया विशेष अभियान : दोषी प्रतिष्ठानों पर होगी कानूनी कार्रवाई
बिहारशरीफ : गिरियक प्रखंड के पावापुरी क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ चलाए गए एक विशेष अभियान में दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों से बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई गिरियक प्रखंड में गठित ‘धावादल’ द्वारा की गई, जिसमें श्रम विभाग के अधिकारी और स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे। गिरियक प्रखंड की श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सिम्पू कुमारी ने बताया कि इस क्षेत्र में बाल श्रम की नियमित शिकायतों के मद्देनजर यह अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा की मुक्त कराए गए बच्चों को बाल कल्याण समिति, बिहार शरीफ, नालंदा में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही, दोषी प्रतिष्ठानों के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने और जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। धावादल में गिरियक और बिहार शरीफ प्रखंड के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, आइडिया संस्था के जिला समन्वयक और अन्य स्वयंसेवक शामिल थे। टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर यह सफल कार्रवाई की।