पंकज कुमार जहानाबाद ।
जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी
व तीखी धूप के कारण आम जन जीवन बेहाल हुआ है। जिले में गुरूवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री व न्यूनतम तापमान 32 डिग्री रहा। ऐसे मौसम में अधिकांश लोग घरों से निकलना कम कर दिए हैं। बहुत ज्यादा जरूरी काम रहने पर ही वह बाहर निकल रहे हैं। कुल मिलाकर आफकत जैसे हालात में जन जीवन पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। धूप, गर्म हवा व गर्मी के कारण आमजन लू, डायरिया, पेट दर्द व बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। चर्म रोग के भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
जिले के पीएचसी, सीएचसी, रेफरल,
अनुमंडल व सदर अस्पताल में जांच व
इलाज कराने आनेवाले लू, डायरिया, पेट दर्द व बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ गयी है। मरीजों की लगातार बढ़
रही संख्या से अस्पतालों में बेड कम पड़ रहा है। सदर अस्पताल में इन दिनों लू व डायरिया पीड़ित रोजाना 20 25 मरीज भर्ती हो रहे हैं। सदर अस्पताल में गुरूवार को इमरजेंसी चिकित्सको ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच में जुटे दिखे। लू व डायरिया के कई ऐसे भी मरीज आए थे, जिन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर इलाज करना पड़ा। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती एक मरीज के परिजनों ने कहा कि दो दिनों से प्राइवेट डाक्टर से इलाज करा रहे थे। जब वहां स्वस्थ नही हुई तो सदर अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। उल्टी दस्त से पीड़ित को सदर अस्पताल के इमरजेंसी में भर्ती कर डॉक्टर द्वारा इलाज किया जा रहा है। परिजनों ने कहा कि मरीजों के स्वस्थ होने पर घर ले जाएंगे।
पशु पंक्षी व मवेशी भी रहे परेशान जिले में पड़ रही लगातार भीषण गर्मी व तीखी धूप के कारण आमजन झुलस रहे हैं। भीषण गर्मी, तीखी धूप व गर्म हवा से गुरूवार को पशु पंक्षी व मवेशी भी परेशान रहे। सड़कों पर विचरण करनेवाले मवेशी मुहल्ले की गलियों में छाया में बैठे रहे। प्यास लगने पर नालियों का पानी पी रहे थे। पंक्षी सुबह शाम में ही घोंसले से बाहर निकले। वह भी नौ बजे के बाद अपने घोंसला में चले गए। आमजन भी धूप को देख दोपहर में घर से बाहर निकलने में परहेज किए। पश्चिम रूख वाले दुकानदार आधा शटर गिराकर दुकान के अंदर बैठे रहे। ग्राहक भी नहीं आ रहे थे।




