पंकज कुमार जहानाबाद।
बिहार की राज्यधानी पटना के पाल होटल में लगी आग अभी ठंडा भी नही हो पाई थी कि शुक्रवार को पटना के सटे मसौढ़ी अनुमंडल अंतर्गत चपौर गांव सिलेंडर ब्लास्ट होने से लगभग 50 लोग घायल हो गये। जिसमें कई की हालत गंभीर है। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि 14 लोगो को गंभीर हालत में एम्स रेफर कर दिया गया है। दरअसल चपौर गांव के एक घर में श्राद्ध कर्म की तैयारी चल रही थी। खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक सिलेंडर में आग लग गई और देखते ही देखते सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इस घटना में लगभग 50 लोग घायल हो गये। गैस लीक होने से यह हादसा हुआ। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि संत पासवान के घर में श्राद्ध कर्म का कार्यक्रम समाप्त हो चूका था। शुक्रवार को संत पासवान की 12 वर्षीय बेटी खुशबु छोटा सिलेंडर पर खाना बना रही थी। तभी अचानक गैस सिलेंडर में रिसाव हुआ और देखते ही देखते सिलेंडर में आग लग गई। सिलेंडर में आग लगते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया। इससे पहले कि कोई कुछ कर पाता, सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट होते ही घर में आग लग गई और फिर आग ने आसपास के छः घरों को अपने आगोश में ले लिया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस के साथ साथ फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। काफी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया गया। आगलगी की इस घटना में लगभग 50 लोग झुलस गये। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल लोगों को पीएचसी और निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 14 की गंभीर हालत को देखते हुए पटना एम्स रेफर कर दिया गया है जबकि अन्य सभी का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अगलगी में 6 घर जलकर रख हो गये। भीषण आगलगी की वजह से घर मे रखे लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। घर और सारा सामान जलने से पीड़ित परिवारों के सामने भुखमरी की नौबत आ गयी है।




