अनिल शर्मा

नवादा। बुधवार को शहर के न्यू एरिया स्थित श्रीकृष्णापुरी मुहल्ले में जदयू सवर्ण प्रकोष्ठ के जिला कार्यालय का उद्घाटन संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ नीतीश कुमार टनटन ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रदेश कार्यालय प्रभारी श्रीकुमार साहब तथा उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता राहुल सिद्धार्थ भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजीव रंजन राय उर्फ ओमजी ने प्रदेश के नेताओं को बुके देकर स्वागत किया। कार्यालय उद्घाटन पश्चात मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ कुमार ने कहा कि जदयू देश की पहली पार्टी है, जिन्होंने सवर्ण प्रकोष्ठ का गठन किया है। उन्होंने कहा कि जब से प्रकोष्ठ में हमलोगों का मनोनयन हुआ है, तब से लगातार संगठन की मजबूती को लेकर पूरे बिहार का दौरा किया जा रहा है, इसी क्रम हम नवादा पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जदयू ने जो विकसित बिहार बनाने का जो सपना देखा है, उसमें निश्चित तौर पर सवर्ण प्रकोष्ठ मजबूती के साथ शीर्ष नेतृत्व के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि युवा उद्यमी योजना को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामान्य जाति के लोगों के लिए भी खोल दिया है। उन्होंने कहा कि सवर्ण जाति के लोग भी अब उद्यमी योजना का लाभ लेकर अपना व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं। इस योजना के तहत प्रत्येक लाभुक को मात्र एक प्रतिशत ब्याज की दर पर 10 लाख रुपये दिया जा रहा है जिसमें 5 लाख सब्सिडी है। उन्होंने कहा कि 2005 के पहले बिहार में कितना नरसंहार होता था। लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार में नरसंहार की घटना पर विराम लग गया। इससे साफ जाहिर होता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का शासनकाल सवर्णों के लिए स्वर्णिम काल रहा है।




