कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
कैमूर। कैमूर के मोहनिया अनुमंडल के एसडीपीओ फ़ैज़ अहमद खान को निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब हो कि महिला दरोगा से मोबाइल पर अश्लील चैट करने उसे लगातार परेशान करने अश्लील मैसेज भेजने और प्रताड़ित करने के आरोप में जिले के मोहनिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई की गई है। इस बारे में गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। मोहनिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फ़ैज़ अहमद खान पर यौन उत्पीड़न का आरोप है। प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने के बाद सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान एसडीपीओ का मुख्यालय पुलिस महानिरीक्षक केंद्रीय क्षेत्र पटना किया गया है। इस मामले में महिला दारोगा द्वारा पुलिस अधीक्षक कैमूर के पास शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद शाहाबाद रेंज के डीआईजी नवीनचंद्र झा ने एसडीपीओ को निलंबित करने विभागीय कार्रवाई करने और मोहनिया से तबादला करने की अनुशंसा पुलिस मुख्यालय से की थी। जानकारी के मुताबिक मोहनिया एसडीपीओ फ़ैज़ अहमद खान द्वारा महिला सब इंस्पेक्टर को लगातार अश्लील मैसेज भेजा जाता था। महिला दरोगा का कार्य क्षेत्र से तबादला होने के बावजूद प्रताड़ित और परेशान किया जाता रहा। जिससे परेशान महिला सब इंस्पेक्टर ने इसकी शिकायत कैमूर पुलिस अधीक्षक से की थी। इस मामले में गृह विभाग ने अधिसूचना जारी करते हुए मोहनिया के वर्तमान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फ़ैज़ अहमद खान को निलंबित कर दिया है। कैमूर के पुलिस महकमें मे इस कार्रवाई की चर्चा हो रही है।




