कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक थैला मुक्त दिवस के अवसर पर पर्यावरण प्रेमी ने आयोजित किया जागरूकता चौपाल
सोमवार को “अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक थैला मुक्त दिवस ” के अवसर पर पर्यावरण प्रेमी शिवम कुमार के नेतृत्व में चिल्ड्रेन्स अकादमी केयर जोन भभुआ में जागरूकता चौपाल आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विघालय के बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। पर्यावरण प्रेमी शिवम कुमार ने बताया कि वैसे तो हर दिन कोई न कोई दिवस मनाया जाता है, लेकिन तीन जुलाई का दिन अहम है। इस दिन अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण के हानिकारक प्रभाव के बारे में जागरूकता फैलाना है। दुनिया भर में प्लास्टिक के कचरे के ढेर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यह पर्यावरण से लेकर स्वास्थ्य हर चीज को नुकसान पहुंचा रहा है। बिगड़ते हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि माइक्रो प्लास्टिक के कण मानव शरीर में प्रवेश कर जा रहे हैं। हम इसके बारे में जागरूक नहीं हैं और अक्सर इसके दुष्परिणामों की अनदेखी कर दे रहे हैं।
दरअसल, सामान्य-सी दिखने वाली पाॅलिथीन और प्लास्टिक हम सबके जी का जंजाल बन गयी। इसने इंसान, जानवर और पेड़-पौधों, किसी को नहीं छोड़ा है। प्रकृति के लिए यह अत्यंत घातक है। माना जाता है कि पाॅलिथीन अजर अमर है और इसको नष्ट होने में एक हजार साल लग जाते हैं। बच्चों को जागरूक करते हुए संवाद किया गया और बताया गया कि प्लास्टिक प्रदूषण आज पूरी दुनिया के लिए चुनौती बनी हुई है। खासकर सिंगल यूज प्लास्टिक की वजह से हमारी धरती और समुद्र के साथ-साथ हमारा वातावरण भी प्रदूषित हो रहा है। प्लास्टिक से बने बैग हमारी सेहत को भी नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि प्लास्टिक प्रदूषण व प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल को कम करने के लिए तुम भी कुछ जरूरी कदम उठाओ। लोगों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करो कपड़े का थैला उपयोग करें। एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ जंग को सफल बनाने के लिए हम सबको आगे आना होगा। तभी यह प्रतिबंध प्रभावी होगा। इस कार्यक्रम के दौरान विघालय के प्राचार्य विनय कुमार सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर मंयक सिन्हा , शिक्षक सुबोध कुमार सिन्हा, प्रमोद कुमार, अरविंद श्रीवास्तव, छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रहें।




