महाबैठक में सहमति : भाजपा के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

12 जुलाई को शिमला में अगली बैठक में प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा

विपक्षी दलों की महाबैठक खत्म, अगली बैठक में तय होगा कि कौन कहां लड़ेगा

बिहार की राजधानी पटना में आज शुक्रवार को 15 विपक्षी दलों की महाबैठक खत्म हो गई है। इसमें शामिल हुए तमाम नेताओं ने अगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ एकजुट होने पर मंथन किया। बैठक में विपक्षी दलों में सहमति बनी है और अब अगली बैठक 12 जुलाई को शिमला में होगी। इसमें अंतिम फैसला लिया जाना है। बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव और पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी को सत्ता से हटाने को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक के बाद सभी नेताओं ने साझा प्रेस कांफ्रेंस भी की। इसमें सभी नेताओं ने कहा कि अगामी लोकसभा चुनाव में एकजुटता पर सहमति बनी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि सभी ने मिलकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। अगले महीने होने वाली अगली बैठक में इसे अंतिम रूप देगी। दूसरी बैठक में सीट बंटवारे पर चर्चा होगी। एक साथ चलने की सहमति हुई है। अगली बैठक में तय होगा कि कौन कहां लड़ेगा। जो शासन में है वे देश के हित में काम नहीं कर रहे हैं। वे सब इतिहास बदल रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम 12 जुलाई को शिमला में फिर से मिल रहे हैं, जिसमें हम एक सामान्य एजेंडा तैयार करेंगे। हमें हर राज्य में अलग-अलग तरह से काम करना पड़ेगा।
वहीं, राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और RSS हिंदुस्तान की नींव पर आक्रमण कर रही है। यह विचारधारा की लड़ाई है और हम साथ खड़े हैं। हमने निर्णय लिया है कि हम एक साथ काम करेंगे और अपनी सामान्य विचारधारा की रक्षा करेंगे।
बैठक में ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, एमके स्टालिन समेत छह राज्यों के सीएम और अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, महबूबा मुफ्ती समेत पांच राज्यों के पूर्व सीएम शामिल हुए। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी बैठक में मौजूद रहे।

Join us on:

Leave a Comment