कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
कैमूर जिले के विभिन्न पंचायतों में मुखिया, पंचायत समिति सदस्य व वार्ड सदस्य के लिए मतदान हुआ। जिसमें कैमूर जिले में गुरुवार को हुए मतदान में कुल 55.70 प्रतिशत मतदान हुआ। कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड के दो पंचायतों में मुखिया पद के लिए उप चुनाव कराया गया। जिसमें जैतपुर कला पंचायत में 12 मतदान केंद्र बनाए गए थें और पहड़ियां पंचायत में नौ मतदान केंद्र बनाए गए थें। जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निष्पक्ष तरीके से मतदान कराया गया। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक हुआ। उसके बाद सभी ईवीएम मशीन को प्रखंड परिसर में स्थित मनरेगा के सभागार कक्ष में बनाए गए बज्रगृह में रखा गया। जहां 27 मई को सुरक्षा के बीच से मतगणना कराया जायेगा । वहीं जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा के द्वारा पंचायत उप निर्वाचन 2023 के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया गया और संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिला अंतर्गत पंचायत उप निर्वाचन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिला अंतर्गत कुल 55.70 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें 55.60 प्रतिशत पुरुष एवं 55.80 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने वोट दिया।




