रवि शंकर शर्मा :-
नगर परिषद मोकामा के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, जनविरोधी कार्यशैली के खिलाफ दिया धरना
मोकामा नगर परिषद की कार्यशैली को जनविरोधी करार देते हुए बुधवार को मोकामा के नागरिकों के एक वर्ग ने धरना दिया. आरटीआई कार्यकर्ता चंदन कुमार की पहल पर धरना में शामिल लोगों ने कहा कि जन सुविधाओं और सार्वजनिक आयोजनों में सहयोग की जो अपेक्षा मोकामा के लोग नगर परिषद से रखते हैं उसमें परिषद द्वारा टालमटोल किया जाता है. यही कारण है कि मोकामा में चल रहे रूद्र महायज्ञ में भी परिषद की ओर जिन सुविधाओं को उन्नत करने का भरोसा दिया गया था उसे पूरा नहीं किया गया.

इसी का विरोध करते हुए मोकामा के नागरिकों की ओर से धरना दिया गया है. लोगों ने कहा कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब नगर परिषद की ओर से इस प्रकार का टालमटोल अपनाया गया है. पहले भी कई बार विभिन्न मुद्दों पर सिर्फ आश्वासन दिया गया लेकिन नतीजा शून्य रहा. इसलिए परेशान मोकामा के लोगों ने जन सुविधाओं की मांग को लेकर धरना दिया है.

धरना में शामिल लोगों का कहना है कि नगर परिषद की कई कार्यशैली जनविरोधी है. इसी कारण मोकामा के नागरिकों की ओर से एक दिवसीय धरना दिया जा रहा है. धरना में शामिल लोगों में कई वार्ड पार्षद भी शामिल रहे. वहीं बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं का समूह धरना में शामिल हुआ. उन्होंने नगर परिषद के प्रवेश द्वार के बाहर शांतिपूर्ण धरना दिया.




