एस एस कॉलेज में इग्नू ने किया सेमिनार का आयोजन!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद।

एस. एस.कॉलेज, जहानाबाद के राजकुमारी सभागार में
दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में दुनिया में अग्रणी स्थान रखने वाले व पिपुल्स यूनिवर्सिटी के नाम से ख्यात इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के ओर से एक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का मुख्य विषय इग्नू के विविध पाठ्यक्रमों का करियर निर्माण में योगदान रहा। छात्र-छात्राओं के करियर संबंधित मागदर्शन के निमित्त हुए इस सेमिनार में छात्र छात्राओं को इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। प्राचार्य डॉ. एस.के. मिश्र ने अपने संदेश में भरोसा दिलाया कि हमारा यह अध्ययन केंद्र इग्नू के दूरस्थ शिक्षा पद्धति के माध्यम से उच्चतर शिक्षा की सुलभता एवं समानता के वृद्धि करने के उद्देश्य में निश्चित रूप से सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने आगे कहा कि वैसे छात्र-छात्राएं जो किन्हीं परिस्थिति जन्य कारणों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह गए हैं उनके लिए इग्नू किसी वरदान से कम नहीं है। एस. एस. कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ० विनोद कुमार रॉय ने इग्नू द्वारा संचालित चार प्रकार के कोर्सेज –

सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर का विवरण देते हुए रोजगार प्राप्ति में इनके महत्त्व को रेखांकित किया। इस क्रम में उन्होंने मौजूदा दौर में विशेष रूप से प्रासंगिक सर्टिफिकेट कोर्स इन डिजास्टर मैनेजमेंट तथा एम.ए.इन रुरल डेवलपमेंट , टूरिज्म कोर्स जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की भी चर्चा की। उन्होंने सभी पाठ्यक्रमों के विषय में विस्तार से बताया और किस कोर्स के साथ अन्य कोर्स नहीं किया जा सकता है, इसकी भी चर्चा की। छात्र छात्राओं की शंकाओं का समुचित समाधान करते हुए डॉ० रॉय ने बताया कि रेगुलर कोर्सेज और पत्राचार पाठ्यक्रम से प्राप्त की गई डिग्री की मान्यता एक समान है। उन्होंने पूर्व से किसी पेशे या सेवा में कार्यरत कर्मचारियों के लिए इग्नू के पाठ्यक्रमों को काफी उपयोगी बताया। उन्होंने जानकारी दी कि इग्नू के माध्यम से एक सौ बारह पाठ्यक्रमों में नामांकन एवं शिक्षण की सुविधा उपलब्ध है जिसमें अनुसूचित जाति एवं जनजाति के आवेदकों को चौरासी पाठ्यक्रमों में निशुल्क नामांकन एवं शिक्षण की सुविधा है। उन्होंने यह भी बताया कि रेगुलर कोर्स करते हुए साथ में एक सर्टिफिकेट कोर्स किया जा सकता है। उन्होंने यह भी महत्वपूर्ण जानकारी दी कि इग्नू में जनवरी 2023 सत्र के लिए ऑनलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन व नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है जो 31 जनवरी तक चलते रहेगी। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी जानकारी भी दी। एस.एस. कॉलेज के इग्नू अध्ययन केंद्र का काम-काज देख रहे सुबोध कुमार सुमन ने बताया कि नामांकन एवं शिक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं को उनकी तरफ से पूरी तरह संतुष्ट किया जा रहा है। शैक्षणिक महत्व के इस सेमिनार में एस.एस.कॉलेज के वरीय पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक , शिक्षकेतर कर्मियों तथा छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

Join us on:

Leave a Comment