रिपोर्ट अनमोल कुमार
महाराष्ट्र भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष चित्रा की हुंकार
: पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के बयान पर भारत में घमासान मचा हुआ है। महाराष्ट्र भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष चित्रा वाघ ने कहा है कि हमारे प्रधान मंत्री के बारे में कुछ बोलोगे तो घर में घुसेंगे भी और ठोकेंगे भी। महाराष्ट्र के बारामती पहुंची चित्रा ने कहा कहा कि अलग-अलग नैरेटिव तैयार किए जा रहे हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने प्रधानमंत्री मोदी पर विवादित बयान दिया है। ऐसी स्थिति में मातृशक्ति को ऐसे लोगों को जवाब देना चाहिए। आक्रामक तेवर में बोलते हुए चित्रा ने कहा कि भुट्टो को ये बात कान खोलकर सुन लेना चाहिए कि यह नया भारत है, पीएम मोदी का भारत है।
भुट्टो ने पीएम मोदी को कसाई बताया था
बता दें कि बिलावल भुट्टो ने अमेरिका में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अधिवेशन से इतर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत सरकार को महात्मा गांधी की बजाय हिटलर से प्रभावित बताया था। पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने पीएम मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर भी अमर्यादित टिप्पणी की थी और पीएम मोदी को गुजरात का कसाई बताया था।




