पंकज कुमार जहानाबाद।
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक संबंधित पदाधिकारियों के साथ करते हुए कई आवश्यक निदेश दिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी नेगुणवत्तापूर्ण, समान एवं समावेशी शिक्षा एवं उसके सकारात्मक प्रतिफल पर विशेष ध्यान देने हेतु समय-समय पर विद्यार्थियों का टेस्ट के माध्यम से मूल्यांकन कर कमजोर छात्र /छात्राओं को चिन्हित करते हुए उनके लिए पठन-पाठन की आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि शिक्षा की गुणवत्ता पर आधारित विभिन्न मापदंडों विशेषकर लर्निंग आउटकम जैसे अवयवों को चयनित करते हुए प्रखंडवार 50 मॉडल विद्यालयों के लिए इंडेक्स तैयार कर रैंकिंग करना सुनिश्चित करें ताकि तुलनात्मक विश्लेषण के उपरांत सबसे बेहतर एवं सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को चिन्हित किया जा सके। अंतर्जिला तुलनात्मक मूल्यांकन करने का भी निर्देश दिया गया। इस कार्य के अनुश्रवण हेतु नोडल पदाधिकारी के रूप में वरीय उप समाहर्ता सुश्री निकिता को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश देते हुए नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया। सभी विद्यालयों में मानक के अनुसार छात्र/शिक्षक के युक्तिसंगत अनुपात को सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि लर्निंग आउटकम का अनुश्रवण करना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि कोई भी व्यक्ति स्वेच्छा से यदि वॉलिंटियर टीचर के रूप में कमज़ोर बच्चों को पढ़ाने की इच्छा रखता है तो इस संदर्भ में प्रचार-प्रसार कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। निर्देश दिया गया कि जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा पंचायत में किए जाने वाले साप्ताहिक जांच के अंतर्गत शिक्षा से संबंधित जांच प्रतिवेदन की पंजी संधारित करना सुनिश्चित करते हुए सकारात्मक बदलाव हेतु आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों में क्रियान्वित पुस्तकालयों से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसके साथ यह भी निर्देश दिया गया कि जिन शिक्षकों द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है तथा उनके विद्यालय का प्रदर्शन अच्छा रहा है उनके लिए सम्मान समारोह सह कार्यशाला आयोजित करना सुनिश्चित करें। माननीय मुख्यमंत्री जनता दरबार एवं जिला प्रशासन जनता दरबार में प्राप्त मामलों का ससमय निष्पादन करना सुनिश्चित करें। मध्यान भोजन में खाने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विद्यालयों की भूमि का दाखिल खारिज कराते हुए भू अभिलेख अपडेट करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा बैठक में सभी को सूचित किया गया कि वर्ग 1 से 8 के लिए बैगलेस शनिवार योजना क्रियान्वित की जा रही है ताकि बच्चों को समग्र विकास हेतु विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया जा सके।




