जेपी कांग्रेस के नहीं, इंदिरा गांधी की तानाशाही के खिलाफ थे : विजय कुमार चौधरी!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार

अमित शाह के बयान पर बोले चौधरी-जेपी जिंदा होते तो 74 से भी बड़े आंदोलन करते

पटना : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर नीतीश सरकार में वित्त मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण कांग्रेस नहीं, बल्कि उसकी तानाशाही एवं सत्ता के दुरुपयोग करने वाली नीति के खिलाफ थे। जेपी आज जीवित होते तो वे भाजपा सरकार के खिलाफ 1974 से भी बड़े आंदोलन की तैयारी में होते। विजय चौधरी ने बुधवार को कहा कि जेपी ने कई मौकों पर इंदिरा गांधी की नीतियों की सराहना की थी। यहां तक कि 1971 में भारत-पाक युद्ध के बाद बांग्लादेश की आजादी के बाद उसे विभिन्न देशों से मान्यता दिलाने में अंतर्राष्ट्रीय जनमत बनाने के लिए उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। मूल रूप से उन्होंने आपातकाल एवं उससे जुड़े विरोध का दमन करने वाली नीतियों के विरुद्ध आंदोलन खड़ा किया था। वे सिर्फ इंदिरा की तानाशाही वाली नीतियों के खिलाफ थे, कांग्रेस के खिलाफ नहीं। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में जेपी जयंती पर उनके पैतृक गांव सिताब दियारा में नीतीश कुमार और महागठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला था। शाह ने कहा कि जो लोग जयप्रकाश नारायण के मार्ग पर चले वे अब भटक गए हैं। जिस कांग्रेस के खिलाफ जेपी ने आंदोलन किया, उसके साथ ही गठबंधन कर लिया।

Join us on:

Leave a Comment

और पढ़ें