कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
संपूर्ण विश्व में अक्टूबर महीने को विश्व स्तन कैंसर जागरूकता माह के रूप मे मनाते है। इसी के तहत कैमूर जिले में गुरुवार को लोगों को स्तन कैंसर के प्रति जागरुक करने के लिए कैमूर जिले के रामगढ़ प्रखंड में अवस्थित रेफरल अस्पताल से रामगढ बाजार तक जागरूकता रैली निकाला गया। यह जागरूकता रैली आइएमए भभुआ के शाखा द्वारा रामगढ़ बाजार में निकाला गया। जागरूकता रैली के दौरान शामिल रहे आइएमए के सचिव कैमूर व संयुक्त सचिव आइएमए बिहार राज्य के डॉ संतोष कुमार ने कहा कि भारत में प्रतिवर्ष स्तन कैंसर से लगभग दो लाख महिलाओं की असामयिक मृत्यु होती है। जिसे जागरूकता के माध्यम से कम किया जा सकता है। अगर किसी महिला के स्तन या कांख में गांठ हो, स्तन के आकार में बदलाव, स्तन के ऊपर लालिमा हो स्तन की त्वचा पर कड़ापन हो, स्तन से मवाद या खून का आने लक्षण दिखे तो तुरंत योग्य चिकित्सक से संपर्क करें। डॉक्टर की सलाह पर मैमोग्राम स्क्रीनिंग करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को प्रारंभिक लक्षण नहीं दिखता। इसलिए 40 साल के ऊपर की महिलाओं को साल में एक बार मैमोग्राम स्क्रीनिंग अवश्य करानी चाहिए। जागरूकता रैली में चिकित्सा प्रभारी डॉ सुरेंद्र सिंह, डॉ एमके उपाध्याय, डॉ हीरा सिंह, डॉ रवि शंकर, डॉ रफीक आलम, डॉ संजय कुमार, डॉ संजय सिंह सहित कई स्वास्थ्य कर्मी व आशा मौजूद रहे।




