रिपोर्ट -अनमोल कुमार
नए अध्यक्ष पद की दौड़ में सिद्दीकी सबसे आगे
: बिहार राजद में चल रहा अंतर्कलह चरम पर आ गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने इस्तीफे की पेशकश कर दी है। न्यूज़ चैनल 18 के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव को जगदानंद सिंह ने अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। इसके बाद बिहार में राजद का अगला अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज हो चली है। इसमें कई नेताओं के नाम हैं जिनमें उदय नारायण चौधरी और श्याम रजक का नाम उभर कर सामने आया है। लेकिन, अब्दुल बारी सिद्दीकी का नाम सबसे ऊपर है। श्याम रजक का नाम तो वैसे भी तेज प्रताप द्वारा गाली-गलोच के आरोप के बाद विवादों में आ चुका है। बता दें कि दिल्ली में राजद का दो दिवसीय सम्मेलन चल रहा है। आज राष्ट्रीय परिषद की बैठक में लालू प्रसाद यादव को विधिवत राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जाएगा। उसके बाद लालू यादव बिहार प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर कोई फैसला ले सकते हैं। गौरतलब है कि अपने पुत्र सुधाकर सिंह के बिहार के मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से ही जगदानंद सिंह पार्टी और सरकार दोनों से नाराज चल रहे थे और उनके इस्तीफे की खबरें पहले ही मीडिया में आ चुकी थी। सुधाकर सिंह के इस्तीफे के बाद जगदानंद सिंह ने इसका संकेत भी दे दिया था। एक बयान में उन्होंने कहा था कि लंबी लड़ाई लड़ने के लिए त्याग करना पड़ता है। सूत्रों से खबर मिल रही है कि जगदानंद सिंह ने लालू यादव के पास अपना इस्तीफा भेज दिया है। उम्मीद है कि आज सोमवार को लालू यादव जगदानंद सिंह के राजनीतिक भविष्य पर फैसला करेंगे। इस बीच नए प्रदेश अध्यक्ष की चर्चा भी जोर शोर से उठने लगी है। राजद में जिस तरीके से घमासान मचा है, उसमें एक मजबूत प्रदेश अध्यक्ष की जरूरत पार्टी को है। ऐसे में अनुभवी अब्दुल बारी सिद्दीकी को कमान थमाया जा सकता है। मिली जानकारी के अनुसार तेजस्वी यादव ने सिद्दीकी से इस संबंध में बात भी कर ली है। हालांकि, उन्होंने अभी तक अपनी सहमति नहीं दी है।। लेकिन पार्टी का फैसला उन्हें मानना ही होगा। हालांकि श्याम रजक भी एक मजबूत दावेदार हो सकते थे लेकिन तेज प्रताप के साथ उनकी लड़ाई के बाद उनका पत्ता कट गया है।




