प्रशांत कुमार की रिपोर्ट :-
बेगूसराय में हुई गोलीबारी की घटना में 10 लोगों को गोली मारी गई थी, जिसमे एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और एसपी ने संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की। गठित टीम के द्वारा लगातार सूचना और तकनीकी अनुसंधान किया गया। इस दौरान नजदीक के 6 जिले पटना, समस्तीपुर, खगरिया, लखीसराय, जमुई, मुंगेर और रेल पुलिस जमालपुर से सहयोग लिया गया। इसके अलावा एसटीएफ, सीआईडी, स्पेशल ब्रांच, इओयू , एटीएस और पुलिस की मदद ली गई।कुल 22 जगहों से सीसीटीवी फुटेज कलेक्ट किया गया। जिसके बाद 2 बाइक के साथ इस कांड में संलिप्त चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। घटना के दौरान इस्तेमाल किए गए 2 देशी पिस्टल के साथ 5 जिंदा कारतूस और घटना के समय अपराधियों द्वारा पहने कपड़े को बरामद किया गया। इसके अलावा 4 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में बीहट का रहने वाला सत्यजीत और केशव उर्फ नागा, पिपरा का सुमित कुमार और बेगूसराय का युवराज उर्फ सोनू है। पुलिस अनुसंधान के मुताबिक इस घटना के पीछे अपराधियों का मकसद इलाके में दहशत फैलाना था। अन्य पहलुओं की भी पुलिस जांच कर रही है। पकड़े गए अपराधियों का पहले भी अपराधिक इतिहास रहा है।




