रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
पटना : केंद्र सरकार ने बिहार भाजपा के 10 नेताओं की Y श्रेणी सुरक्षा वापस ले ली है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने बिहार में भाजपा के उन 10 नेताओं की Y श्रेणी सुरक्षा वापस ली गई है, उनमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर संजय जायसवाल भी शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, डॉ. संजय जायसवाल के अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी, दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर, अररिया के सांसद प्रदीप सिंह, किशनगंज के MLC दिलीप जायसवाल की वाई श्रेणी सुरक्षा वापस हुई है। इसके अलावा कटिहार से एमएलसी अशोक अग्रवाल, दीघा विधायक संजीव कुमार चौरसिया, विस्फी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल और दरभंगा के विधायक संजय सरावगी की सुरक्षा भी वापस ले ली गई है।
अग्निपथ विरोधी आंदोलन के कारण दी गई थी सुरक्षा
बता दें कि अग्निपथ योजना के विरोध में बिहार में हुए आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई जगह भाजपा कार्यालय और पार्टी के नेताओं के घर को निशाना बनाया था। इसके अलावा कुछ नेताओं को धमकियां भी मिली थीं। बिहार भाजपा के नेताओं को मिली धमकियों और खुफिया रिपोर्ट्स को देखते हुए गृह मंत्रालय ने इन 10 नेताओं को Y श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया था।




