रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
ज्यादा बच्चे पैदा होंगे तो आर्थिक मंदी आएगी : डा. जायसवाल
गृह मंत्री अमित शाह के आगमन की तैयारियों को लेकर भाजपा अध्यक्ष सीमांचल दौरे पर
अररिया : बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि भारत में सबसे अधिक बच्चे बिहार के अररिया और किशनगंज में ही क्यों पैदा होते हैं? यदि ज्यादा बच्चे पैदा होंगे तो आर्थिक मंदी आएगी और विकास कार्य प्रभावित होगा। यह बयान उन्होंने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में दिया।
उन्होंने कहा कि 23 और 24 सितंबर को पूर्णिया एवं किशनगंज में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर वे अररिया पहुंचे हैं। गृह मंत्री के कार्यक्रम में सीमांचल क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम को हर हाल में सफल बनाने को लेकर रणनीति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस इलाके की तुलना दुनिया के वर्ल्ड मैप पर इथोपिया से की जाती है।
नो मेंसलैंड में असामाजिक तत्वों का कब्जा, सुरक्षा में खतरा
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल सीमा से जुड़े नो मेंसलैंड क्षेत्रों में बाहरी और असामाजिक तत्वों का कब्जा है, ऐसी चूक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। हम लोगों ने नीतीश कुमार से इसे लेकर आगाह किया था। यह सरकार के संज्ञान में भी है, बावजूद उनके उच्च अधिकारियों की वजह से मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। भविष्य में बिहार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।




