रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
रोहिणी ने बिना नाम लिए कहा-भाजपा बलात्कारी पार्टी, नीचता पर उतारू
केंद्र सरकार की साजिश को जनता देख रही : नीरज कुमार
पटना : बिहार में नई सरकार के बहुमत के लिए फ्लोर टेस्ट से पहले 5 राजद नेताओं के घर पर छापेमारी हुई है। जिसके बाद राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य और जदयू एमएलसी नीरज कुमार केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर जमकर बरसे। रोहिणी ने तो भाजपा को नीचता पर उतारू बलात्कारी पार्टी तक कह डाला वहीं नीरज कुमार ने CBI छापे को केंद्र की साज़िश बताया है।
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ने CBI की कार्रवाई पर भाजपा का नाम लिए बगैर कहा- ये बलात्कारी पार्टी है। फ्लोर टेस्ट के पहले ही नीचता पर आ गई है। अपने पोसुआ (पालूत जानवर) को डराने के लिए भेजा है। वहीं राजद के राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने कहा कि बिहार में फ्लोर टेस्ट से पहले केंद्र सरकार ये सारे छापे जानबूझकर करवा रही है। ये सब भाजपा के इशारे पर हो रहा है। हम बिहारी हैं। टिकाऊ हैं, बिकाऊ नहीं।
जदयू नेता नीरज कुमार ने केंद्र सरकार को चेतावनी दे डाली है कि बिहार में जो साज़िश की जा रही है, वह भाजपा पर भारी पड़ेगी। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार CBI और ED को राजनीतिक हथियार के तरह इस्तेमाल कर रही है। ये बिहार में खतरनाक कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, आज राज्य सरकार बहुमत साबित करने वाली है। इससे पहले ही केंद्र सरकार द्वारा CBI और ED से शक्ति परीक्षण करवाया जा रहा है। विधायकों की संख्या नहीं, लेकिन बिहार में कुचक्र रचा जा रहा है।
नीरज कुमार ने कहा कि ये लोकतंत्र की भूमि है। यहां CBI और ED जैसी दर्जनों, सैंकड़ों एजेंसियों को ले आओ, लेकिन दुनिया में कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ है जो महागठबंधन के विधायकों पर दबाब बना सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जो साजिश रच रही है, उसे जनता देख और समझ रही है।




