रिपोर्ट -अनमोल कुमार:-
कोई भी सीएम व मंत्री वर्षों तक रहेगा तो जनता का क्या हाल होगा
चुनाव में आप सबों को इस नीतीश सरकार को सबक सिखाना ही होगा
नालंदा : जदयू से निष्कासित पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर फिर जमकर हमला बोला। नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड क्षेत्र के कुंदी गांव में शनिवार को एक समारोह के दौरान उन्होंने महिलाओं से कहा कि आप सभी रोटी बनाती हैं। रोटी को एक तरफ से सेंकने पर रोटी जल जाती है। रोटी को उलट-पलट कर सेंकने से रोटी अच्छी बनती है। साथ ही, स्वादिष्ट भी होती है। इसी तरह, सरकार को भी अपने वोटों के सहारे उलटते-पलटते रहिए। आरसीपी सिंह ने कहा कि मुझे केंद्रीय मंत्री बनने पर बिहार के सीएम को हमसे ईर्ष्या होने लगी। आज जरूरत है रोटी की तरह उलट-पलट कर सेंकने जैसी सरकार बनाने की। उन्होंने आगे कहा कि वर्षों से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और इस क्षेत्र के विधायक सह मंत्री श्रवण कुमार हैं। कोई भी सीएम व मंत्री वर्षों तक रहेगा तो जनता का क्या हाल होगा। सरकार का काम है समाज की अंतिम पंक्ति में शामिल जनता को भी समाज की मूल धारा में लाना और समरस समाज बनाना। आज बिहार में कमीशनखोरी व भ्रष्टाचार परवान पर है। अस्पताल, शिक्षा, सड़क का हाल बद से बदतर है। आरसीपी ने कहा कि हमारे मंत्री पद से इस्तीफा देने से नीतीश बाबू न राष्ट्रपति बने और न ही उपराष्ट्रपति। फिर से पलटी मारकर मुख्यमंत्री ही बन गये। आने वाले चुनाव में आप सबों को वर्तमान नीतीश सरकार को सबक सिखाना ही होगा।




