शिक्षकेतर कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी।

SHARE:

पंकज कुमार की रिपोर्ट :-

बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ मगध प्रक्षेत्र के आवाहन पर अपनी 14 सूत्री मांगों को लेकर लंबे अरसे से चरणबद्ध आंदोलन पर चल रहे शिक्षकेतर कर्मियों ने 16 से 20 अगस्त तक निश्चित कालीन हड़ताल पर रहने के बाद भी विश्वविद्यालय स्तर से कोई भी पहल नहीं होते देख 22 अगस्त से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने एवं कार्यालयों में तालेबंदी की घोषणा कर दी है। प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में प्रक्षेत्रीय मंत्री बिनेश कुमार सिंह ने कार्यकारिणी सदस्यों के निर्णय से अवगत कराते हुए कहा कि अब अनिश्चित कालीन हड़ताल के अलावे दूसरा कोई विकल्प नहीं है। जहानाबाद एवं अरवल के जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार एवं जिला मंत्री रामजीवन पासवान ने कहा कि मगध प्रक्षेत्र के 20 महाविद्यालयों के शिक्षकेतर कर्मी अपनी 14 सूत्री मांगों को लेकर लगातार आंदोलनरत हैं, लेकिन विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों की संवेदना नहीं जग रही है। हमारी मांगों में कुलपति सहित सभी पदाधिकारियों की नियमित उपस्थिति, महाविद्यालय कर्मियों की पदोन्नति, सेवा संपुष्टि, लंबित परीक्षाफल का प्रकाशन, लंबित परीक्षाओं को अद्यतन करने, सत्र को नियमित करना प्रमुख हैं। फायर ब्रांड कर्मचारी नेता शरत कुमार सिंह एवं संजय कुमार ने कहा की मगध विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव सहित तमाम उच्च पदाधिकारी आउटसोर्सिंग पर हैं, विश्वविद्यालय में कार्यों के लंबित होने का सबसे बड़ा कारण यही है। यहां के पदाधिकारियों की संवेदनहीनता को देखते हुए कर्मचारी इस बार आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। कार्यकारिणी की बैठक में राजीव कुमार भास्कर, अभिषेक कुमार सिंह, निरंजन प्रसाद सहित सभी इकाइयों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे।

Join us on:

Leave a Comment

और पढ़ें