रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
बिहार के पूर्व मंत्री व भाजपा MLA नीरज कुमार पर 1 करोड़ की संपत्ति छिपाने का आरोप
आयकर विभाग की जांच में खुलासा, कस सकता है कानूनी शिकंजा
पटना : नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की पिछली एनडीए सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री रहे सुपौल जिले के छातापुर के भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह 'बबलू' पर एक करोड़ से ज्यादा की अघोषित संपत्ति मिली है। जिसका जिक्र उन्होंने वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग को दिए हलफनामे में नहीं किया है। यह अपराध की श्रेणी में आता है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है। यह खुलासा आयकर विभाग के स्तर पर हुई जांच में हुआ है। अब वे इनकम टैक्स विभाग के निशाने पर आ गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, बीते चुनाव में उन्होंने जो चुनावी हलफनामा दायर किया था, उसमें वास्तविकता से कम संपत्ति दिखाई। नीरज कुमार ने हलफनामे के साथ साल 2020-21 का रिटर्न दाखिल किया था। इनकम टैक्स विभाग ने जांच में पाया कि उसमें संपत्ति को छिपाया गया। साथ ही उन पर पिछले आईटीआर में भी संपत्ति कम दर्शाने के आरोप लगे हैं। नीरज कुमार बबलू के वित्त वर्ष 2017-18 में 55 लाख 84 हजार, 2015-16 में नौ लाख 64 हजार, 2011-12 में करीब 25 लाख की अघोषित संपत्ति मिली है।




