राजद के मंत्री न नई गाड़ी खरीदें, न पैर छुआएं – तेजस्वी!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार:-

तेजस्वी में खींची लक्ष्मण रेखा : राजद के मंत्री न नई गाड़ी खरीदें, न पैर छुआएं

सभी मंत्री ईमानदारी, पारदर्शिता, तत्परता व तुरंत एक्शन की कार्यशैली को बढ़ावा दें

पटना : बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से ही राजद कोटे के मंत्री लगातार विवादों में आ रहे हैं। इसके मद्देनजर अपने मंत्रियों की छवि सुधारने के लिए डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने लक्ष्मण रेखा खींच दी है। तेजस्वी ने राजद कोटे के मंत्रियों से कहा कि कोई भी नई गाड़ी नहीं खरीदेंगे और साथ ही किसी भी कार्यकर्ता को अपने पैर नहीं छूने देंगे। साथ ही उन्हें ईमानदार रहने और शालीन व्यवहार करने की सलाह दी गई है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने शनिवार को अपनी पार्टी के मंत्रियों के लिए दिशानिर्देश जारी किए। जिसके मुताबिक, राजद कोटे के मंत्री अपने लिए विभाग में नई गाड़ी नहीं खरीदेंगे। साथ ही उम्र में उनसे बड़े कार्यकर्ता, समर्थक या किसी भी शख्स को पांव नहीं छूने देंगे। लोगों से शिष्टाचार भेंट करते वक्त हाथ जोड़कर नमस्ते या आदाब की परंपरा को ही बढ़ावा देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सभी मंत्री सौम्य और शालीन व्यवहार अपनाएं। सादगी से पेश आते हुए सभी जाति-धर्म के लोगों की मदद करें। किसी से भी भेंट के रूप में गुलदस्ता या फूल की बजाय किताब-कलम लेने के कल्चर को बढ़ावा दें। अपने मंत्रियों के भ्रष्टाचार समेत अन्य आपराधिक मामलों से विवादों में आने के बाद डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सभी को ईमानदारी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सभी मंत्री अपने विभागीय कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता, तत्परता और तुरंत एक्शन की कार्यशैली को बढ़ावा दें। साथ ही अपने विभागों की योजनाओं और कार्यों का सोशल मीडिया पर लगातार प्रचार-प्रसार करें।

Join us on:

Leave a Comment

और पढ़ें