रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
2010 की जीत हमारा लक्ष्य, षड्यंत्र से कम हुई सीटें
पहले हम अपने को तैयार करेंगे, फिर तय करेंगे किसके साथ जाना है
पटना : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा है कि फिलहाल हम अपने संगठन को मजबूत और धारदार बनाने में जुटे हैं। पहले हम अपने को तैयार करेंगे, फिर यह तय करेंगे कि चुनाव में किसके साथ गठबंधन होगा। कल क्या होगा, यह किसने देखा है।
ललन सिंह गुरुवार को एक टीवी चैनल के साथ बात कर रहे थे। भाजपा द्वारा 2024 और 2025 के चुनाव में जदयू के साथ गठबंधन का एलान किये जाने के सवाल पर उन्होंने सवालिया लहजे में जवाब दिया उन्होंने कहा कि हम इस बात को नकार कहां रहे हैं। पर, अभी लोकसभा चुनाव की घोषणा नहीं हुई है इसलिए चुनाव में गठबंधन पर कोई सवाल करना काल्पनिक बात है।
उन्होंने यह भी कहा कि हमने वर्ष 2010 के विधानसभा चुनाव में जितनी सीटें पाई थीं, उसको लक्ष्य बनाकर तैयारी कर रहे हैं। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में जदयू 43 सीटों पर आ गई, यह कोई जनाधार में आई कमी के कारण नहीं हुआ था। बल्कि, षड्यंत्र के कारण सीटें कम हुई थीं। हम अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनाधार को संगठित करने और उसे समेटने का कार्य कर रहे हैं। हमारा पूरा फोकस इसी पर है। बता दें कि वर्ष 2010 के चुनाव में जदयू ने 115 सीटें जीती थीं।
जदयू में एक नेता, उन्हीं के नेतृत्व में सब कर रहे काम : शीला मंडल
इधर, परिवहन मंत्री शीला मंडल ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम से प्रभावित होकर रोज नए-नए लोग विशेषकर महिलाएं बड़ी संख्या में जदयू से जुड़ रही हैं। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि जदयू में एक नेता हैं नीतीश कुमार। सभी उनके मार्गदर्शन में काम करते हैं। उनके विरुद्ध बोलने वाला व्यक्ति जदयू का हो ही नहीं सकता।
जदयू प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को आयोजित जन-सुनवाई कार्यक्रम के बाद वह पत्रकारों से बात कर रही थीं। उन्होंने कहा कि हमलोग कई नए रूटों पर बहुत जल्द ही अंतरराज्यीय बस सेवा प्रारंभ करने जा रहे हैं पर्यटकों एवं यात्रियों की सुविधा के लिए जहां भी आवश्यकता होगी, वहां बसें जरूर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण सुरक्षा के मद्देनजर सरकार का पूरा ध्यान सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों की संख्या में लगातार वृद्धि करने पर है। हमलोग पुराने वाहनों में सीएनजी किट लगाने के लिए आर्थिक सहायता भी दे रहे हैं। सरकार के प्रयास से पटना में डीजल से चलने वाले वाहनों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। मौके पर जदयू नेता डॉ. नवीन आर्य चन्द्रवंशी, लोक प्रकाश सिंह, अरुण कुमार सिंह व वासुदेव कुशवाहा समेत अन्य नेता भी थे।




