अनमोल कुमार की रिपोर्ट :-
पारदर्शिता : लॉटरी से 4353 राजस्व कर्मियों को जिला आवंटन
भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री रामसूरत राय की अनोखी पहल
न जात-पात न पैरवी, जिनके भाग्य में जो मिला, वहीं पोस्टिंग
रिपोर्ट -अनमोल कुमार पटना : बिहार के भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग में बहाल 4353 राजस्व कर्मचारियों को मंगलवार को जिला आवंटित कर दिया गया। बिहार एसएससी के द्वारा इनका चयन किया गया था। ये सभी कर्मी पोस्टिंग का इंतजार कर रहे थे। लेकिन न्यायिक कारणों उनकी तैनाती नहीं हो पा रही थी। इन कर्मचारियों के लिए जिला आवंटन को लेकर भी कुछ समस्या आ रही थी। भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री रामसूरत राय ने कर्मियों को जिलों के आवंटन के लिए यह अनोखा तरीका अपनाया। राज्य में पहली बार कंप्यूटराइज्ड ऑनलाइन लॉटरी सिस्टम से कर्मियों की पोस्टिंग की गयी है। इसके लिए NIC के द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर का सहारा लिया गया। कुल 14 राउंड के रैंडमाइजेशन के बाद इन कर्मचारियों की पोस्टिंग का जिला तय किया गया।
मंत्री रामसूरत राय ने बताया कि कर्मचारियों की सूची जिला आवंटन के बाद विभाग के वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में फिलहाल 8463 राजस्व कर्मचारियों के पद हैं। उनके स्थान पर मात्र 17 सौ कर्मचारी काम कर रहे हैं। इस वजह से राजस्व कर्मचारियों पर काम का बोझ ज्यादा था और वे अवैध सहायक रखते थे। इसकी शिकायत जनता द्वारा मिल रही थी कि अवैध सहायक अवैध वसूली करते हैं। इस नई बहाली और पोस्टिंग से कर्मचारियों का बोझ कम होगा और जनता का काम तेजी से होगा। लोगों को उगाही से भी छुटकारा मिल जाएगा।
सचिवालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में मंत्री राय ने कहा कि कर्मियों की पोस्टिंग में पूरी पारदर्शिता बरतने के लिए कंप्यूटर से लॉटरी सिस्टम का सहारा लिया गया है। इसमें किसी की पैरवी नहीं सुनी गई है और न जात-पात के आधार पर जगह दी गई है। जिनके भाग्य में जो जिला मिला, वहां उन्हें जाना पड़ेगा। फिलहाल इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। भविष्य में इसे लेकर कोई समस्या आती है तो विचार किया जाएगा। तत्काल यह पोस्टिंग फाइनल है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रक्रिया एक सौ प्रतिशत सफल होगी।
राजस्व मंत्री राय ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सरकार लगातार विकास का काम कर रही है। इसी के तहत इन कर्मियों की पोस्टिंग की गई है। विभाग में जरूरत पड़ने पर और भी बहाली की जाएगी।




