लालू यादव को इलाज के लिए सिंगापुर जाने की हरी झंडी!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

CBI की विशेष अदालत से पासपोर्ट के नवीकरण की अनुमति मिली

पटना : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सिंगापुर जाकर इलाज करवाने का रास्ता साफ़ हो गया है। बताया जा रहा है कि सोमवार को लालू यादव के पासपोर्ट के नवीकरण की अनुमति मिल गई है, जिसके बाद अब वे जब चाहे इलाज के लिए सिंगापुर जा सकते हैं। चारा घोटाला मामले की सुनवाई कर रहे पटना के व्यवहार न्यायालय स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की विशेष अदालत ने सोमवार को लालू प्रसाद यादव को उनके पासपोर्ट के नवीकरण की अनुमति दे दी है। दरअसल, लालू यादव के वकील सुधीर कुमार सिन्हा ने न्यायाधीश महेश कुमार की अदालत में लालू यादव के पासपोर्ट के नवीकरण कराने की अनुमति मांगी थी, ताकि वे सिंगापुर जाकर बेहतर इलाज करा सके। जिसके बाद अदालत ने इस पर अनुमति प्रदान कर दी है। दरअसल, चारा घोटाला का एक मामला पटना की विशेष अदालत में लंबित है। इसमें लालू प्रसाद यादव को भी आरोपित करार किया गया है। इस मामले को लेकर 10 अगस्त को अगली सुनवाई होने वाली है। बता दें कि लालू प्रसाद यादव पिछले दिनों पटना के आवास में सीढ़ियों से गिर गए थे। जिससे उनके कमर और कंधे में चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बावजूद उनकी तबीयत में उतार-चढ़ाव जारी थी, जिसके बाद उन्हें दिल्ली ले जाया गया और एम्स में बेहतर इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। हालांकि अब उन्हें दिल्ली एम्स से भी छुट्टी मिल चुकी है और अब उनकी तबीयत में पहले से काफी सुधार है।

Join us on:

Leave a Comment