प्रधानमंत्री खाद्य उद्योग उन्नयन योजना पर कार्यशाला!

SHARE:

रिपोर्ट-अनमोल कुमार:-

फूड प्रोसेसिंग इकाइयों को 10 लाख तक की सहायता

सोनपुर युवाओं को नए उद्यम स्थापित करने तथा पुराने उद्यमियों को अपने उद्यम का विस्तार करने हेतु राज्य सरकार और केंद्र सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं । मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री कलस्टर योजना, बुनकर मुद्रा योजना तथा प्रधानमंत्री रोजगार गारंटी कार्यक्रम सहित अनेक कार्यक्रम के तहत उद्यमियों को सहायता दी जाती है। फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में उद्यम स्थापित करने की चाहत रखने वाले लोगों के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना है जिसके तहत व्यक्तिगत श्रेणी में परियोजना लागत का 35% जो अधिकतम ₹10 लाख तक हो सकती है, की क्रेडिट लिंक पूंजीगत अनुदान का प्रावधान है । इस योजना के तहत 10% का योगदान लाभार्थी को देना होता है और शेष राशि को बैंक ऋण के रूप में लेना अनिवार्य है। इस योजना के तहत किसान उत्पादक कंपनियों के लिए परियोजना लागत का 35% अनुदान का प्रावधान भी है। जबकि सेल्फ हेल्प ग्रुप के सदस्यों को प्रारंभिक पूंजी के रूप में प्रति सदस्य ₹40000 तक की सहायता का प्रावधान है। खाद्य प्रसंस्करण की सामूहिक सुविधा, प्रयोगशाला, गोदाम, कोल्ड स्टोरेज आदि की स्थापना में भी इस योजना के तहत सहकारी समितियों, किसान समितियों और सेल्फ हेल्प ग्रुप को सहायता दी जाती है। सोनपुर में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में लोगों को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय के निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि लघु एवं मध्यम श्रेणी के खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की क्षमता निर्धारण तथा उनकी क्षमता को बढ़ाने के लिए यह योजना बहुत ही महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में उप उद्योग निदेशक विनय कुमार मल्लिक ने विस्तार से योजना के बारे में सब कुछ जानकारी दी। पटना के जिला संसाधन सेवी रितेश कुमार ने कहा कि हर जिले में उद्यमियों की सहायता के लिए इस योजना के तहत जिला संसाधन सेवो की बहाली की गई है। वैशाली जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक नीता वर्मा ने कहा कि उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए विभाग प्रयत्नशील है। उद्योग विभाग द्वारा संचालित हर योजना में किसी प्रकार की सहायता की यदि आवश्यकता हो तो उद्यमी सीधे जिला उद्योग केंद्र से संपर्क कर सकते हैं । कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार मुनमुन ने किया। मौके पर जिला संसाधन सेवी किशोर, मंजीत पांडे, निर्भय कुमार सिंह, गोपाल कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।

Join us on:

Leave a Comment