पूर्वी चंपारण- स्कूल में किया तोड़ फोड़,दीवारों पर लिखे अश्लील शब्द!

SHARE:

रिपोर्टर–अरविन्द कुमार मोतिहारी

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिला के कल्याणपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय राजपुर में असामाजिक तत्वों ने रात के अंधेरे में तोड़ फोड़ की और विभिन्न कक्षाओं के ताला को एम सील से सील करने के अलावा स्कूल के दिवारों पर अश्लील शब्दों को लिख दिया है।सोमवार की सुबह में जब शिक्षक विद्यालय पहुंचे,तो विद्यालय की स्थिति देख सकते में आ गए।विद्यालय के प्रधान शिक्षक ने पंचायत के मुखिया, विद्यालय सचिव और पुलिस को इसकी जानकारी दी।पुलिस के पहुंचने पर पंचायत के मुखिया और विद्यालय के सचिव की उपस्थिति में सभी ताला को तोड़ा गया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयशंकर प्रसाद ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने स्कूल के पानी सप्लाई और बिजली सप्लाई के पाईप को क्षतिग्रस्त कर दिया है।सीढ़ी और फर्श को तोड़ दिया है।विद्यालय के टीवी और खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचाया है।इसके अलावा असामाजिक तत्वों ने सभी ताला को एमसील से सील कर दिया और दिवारों पर अश्लील शब्दों को लिख दिया है।जिसके बारे में पंचायत के मुखिया और विद्यालय सचिव के अलावा पुलिस को जानकारी दी गई,तो वे लोग आए हैं।उन्होंने कहा कि वे थाना में इस घटना की लिखित शिकायत करेंगे।

विद्यालय में तोड़फोड़ की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता और विद्यालय के सचिव आरिफ खान पहुंचे।उनलोगों के साथ कई ग्रामीण भी विद्यालय पहुंच गए।सभी लोगों ने जब विद्यालय की दुर्दशा देखी,तो इस तरह के कृत्य को करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।साथ हीं विद्यालय में छुट्टी के बाद किसी भी व्यक्ति के दिखाई देने पर सामाजिक स्तर पर कार्रवाई करने की बात कही है।

दरअसल,विद्यालय में छुट्टी के बाद रात के अंधेरे में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता रहा है।जिसकी गवाही  विद्यालय के बरामदे में फेंके गए ताश के पत्ते दे रहे हैं।उन्हीं असामाजिक तत्वों ने विद्यालय में उपद्रव किया है।हालांकि,ग्रामीण सामाजिक स्तर पर विद्यालय में तोड़फोड़ करने और दिवारों पर अश्लील शब्द लिखने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान करने में जुटे हैं।जिन्हें सजा दिलाई जा सके।ताकि आगे से कोई शिक्षा के मंदिर में ऐसी हरकत करने की बात अपनी जेहन में भी नहीं लाए।

Join us on:

Leave a Comment