नशे में गलत नियत से घर में घुसा युवक,खम्भे में बांधकर पिटाई,वीडियो वायरल!

SHARE:

नवादा से अनिल शर्मा की रिपोर्ट


नवादा : जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में कभी पुलिस तो कभी आम लोगों द्वारा किसी न किसी की पिटाई करने के मामले सामने आते रहते हैं। कानून को ताक पर रखकर लोग कानून अपने हाथ में लेकर किसी की भी पिटाई कर दे रहे हैं। ऐसा वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हालाँकि हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं।

वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक रविवार की रात्रि जिले के कौआकोल में नरेश साव का पुत्र संजीत कुमार उर्फ गोरे नशे में एक घर में गलत नियत से घुस गया। उसके इस हरकत को अगल बगल के कुछ युवकों ने देखा लिया और युवक को पकड़ कर लाठी डंडे से जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद उसे बिजली के खंभे में बांध दिया। देखते ही देखते वहां पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। किसी ने आव देखा न ताव। उस युवक पर भीड़ पिटाई करने के लिए टूट पड़ी।

भीड़ को उग्र होते देख किसी के द्वारा घटना की सूचना कौआकोल पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस वहां पर पहुंची और भीड़ से छुड़ाकर युवक को थाने ले गई। युवक को नशे में रहने के कारण सोमवार को उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में नवादा भेज दिया गया है। हालांकि कौआकोल थानाध्यक्ष ने घटना से पूरी तरह से अनभिज्ञता जताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सूचना पुलिस को नहीं मिली है। सूचना मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on:

Leave a Comment