रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोईलख गांव स्थित एक बगीचे से शुक्रवार को प्रातः एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव देखा गया। शव लगभग 80 प्रतिशत तक झुलसा हुआ होने के कारण घटनास्थल पर उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी है। शव मिलने की खबर सूनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गया। लोगों ने इस बात की सूचना राजनगर थाना को दी। सूचना मिलने के बाद राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे मे लेकर पहचान करने का प्रयास मे जुट गई लेकिन शव का पहचान नही हो सका है। पुलिस ने मामले को लेकर यूडी कांड संख्या 15/26 दर्ज कर शिनाख्त एवं अग्रिम विधि- सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को शव देखे जाने से संबंधित सूचना प्रातः करीब 07:30 बजे प्राप्त हुई, प्राप्त सूचना मे बताया गया कि थाना क्षेत्र के कोईलख गांव स्थित बगीचे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। घटनास्थल पर पहुँचकर पुलिस ने देखा कि मृतक का शव अधिकांश हिस्सों में झुलसा हुआ है, जिससे उसकी पहचान करना कठिन हो रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर संभावित साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस के द्वारा मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अंत्यपरीक्षण हेतु दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, मृतक की पहचान करने के लिए आसपास के सभी थानों में सूचना प्रसारित की गई है। स्थानीय लोगों से संपर्क कर शव की पहचान के संकेत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं पर गंभीरतापूर्वक जांच कर रही है। वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण एवं सामान्य बताई जा रही है। तो वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने पूरे मामले गहनता से जांच का निर्देश दिया है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




