किशनगंज- मिट्टी के मलबे में दबकर तीन मासूम बच्चियों की मौत ।

SHARE:

रिपोर्ट – मृणाल गोस्वामी!

किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड के हरूवाडांगा स्थित सुल्तानगंज वार्ड संख्या-10 में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की मिट्टी में दबकर मौत हो गई। घर के पास मिट्टी खोदने गई तीनों बच्चियां अचानक मिट्टी का टीला धंसने से उसके नीचे दब गईं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।मिली जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां घर के समीप मिट्टी खोदने गई थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। देखते ही देखते तीनों बच्चियां मिट्टी के नीचे दब गईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए बच्चियों को मिट्टी से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीनों की जान जा चुकी थी।मृत बच्चियों की पहचान जमदेश आलम की दो पुत्रियों नगमा प्रवीण (10 वर्ष) और निशा प्रवीण (9 वर्ष) तथा फरियाद आलम की पुत्री रूबी खातून (8 वर्ष) के रूप में हुई है।बताया जाता है कि जमदेश आलम और फरियाद आलम दोनों सगे भाई हैं। इस तरह एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में जहां कुछ देर पहले तक बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को दे दी है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटे हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Join us on: