नालंदा- नशेरी का उत्पात, एक गोली 3 शिकार, अचानक की फायरिंग, 3 जख़्मी,आरोपी गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट- मिथुन कुमार!

नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के माधोपुर सबनहुआ गांव में शनिवार की शाम शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि शराब के नशे में धुत एक युवक ने अचानक गोली चला दी। गोली पहले एक युवक के पैर में लगी, फिर एक महिला को छूते हुए दूसरे युवक के पैर में जा धंसी। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान 30 वर्षीय मुकेश बिंद, 35 वर्षीय सोहन बिंद और सुनीला देवी के रूप में हुई है। सभी को इलाज के लिए बिहार शरीफ मॉडल में भर्ती कराया गया है।

घायल मुकेश बिंद ने कहा कि आरोपी और उसके साथी दोपहर करीब दो बजे से ही शराब पीकर गांव में हंगामा कर रहे थे। शाम करीब छह बजे हथियार लेकर पहुंचे आरोपी ने पहले हवा में गोली चलाई और इसके बाद लोगों की तरफ फायर कर दिया। मुकेश का कहना है कि उनका आरोपियों से कोई विवाद नहीं था और वे अपने घर के पास रास्ते पर बैठे थे।

चश्मदीदों ने कहा कि फायर की गई गोली सबसे पहले रास्ते में खड़े सोहन बिंद के पैर में लगी। इसके बाद गोली सुनीला देवी के पैर को छूते हुए मुकेश बिंद के पैर में जा धंसी। एक ही गोली से तीन लोगों के घायल होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मुकेश की पत्नी मीना देवी ने बताया कि उनके पति मछली बेचने का काम करते हैं और घटना के समय वहां खड़े थे। गोली चलने के बाद आरोपी कथित तौर पर घायलों के सामने गिड़गिड़ाने लगा और कहने लगा कि गोली गलती से चल गई। उसने इलाज का खर्च देने की बात भी कही।

घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी टिंकू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है। डीएसपी ने बताया कि सोहन बिंद को गोली लगी है, जबकि अन्य दो लोगों को गोली का छींटा लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Join us on: