बेगूसराय -बेखौफ़ अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर व्यवसायी को उतारा मौत के घाट!

SHARE:

बेगूसराय से रवि शंकर के साथ बबलू राय की रिपोर्ट!

बेगूसराय में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। फुलवरिया थाना क्षेत्र के फुलवरिया 3 में अपराधियों ने गाड़ी वॉशिंग सेंटर संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गये । मृतक युवक की पहचान फुलवरिया थाना क्षेत्र निवासी रामकुमार राम के पुत्र गणेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गणेश कुमार गाड़ी वाशिंग सेंटर चलाते थे और घटना के वक्त अपनी गाड़ी वाशिंग सेंटर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक अपराधी वहां पहुंचा और गणेश कुमार को ताबड़तोड़ गोली मार दी। जिसमें तीन गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुरानी रंजिश को लेकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। इस घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं फुलवरिया थाना पुलिस के साथ कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं गणेश कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।

Join us on: