हथियार के साथ वीडियो किया वायरल, अब पुलिस ने किया युवक को गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष कुमार पांडेय!

लखीसराय। जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र में हथियार और कारतूस के प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, वायरल फोटो और वीडियो प्राप्त होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए उनका अवलोकन किया गया। वीडियो में एक युवक सफेद शर्ट पहने पलंग पर लेटा हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके हाथ में कथित तौर पर देशी कट्टा नजर आ रहा है। वहीं दूसरे वीडियो में वही युवक गुलाबी रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की हाफ पैंट पहने हुए दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में चार कारतूस के खोखे दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों वीडियो के अवलोकन में दिखाई दे रहा युवक एक ही है। वीडियो में “Dilkhus Yadav” नाम भी लिखा हुआ दिखाई दे रहा था। इसके आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान दिलखुश कुमार, पिता मनोज यादव उर्फ राम मनोज यादव, निवासी डीह पिपरिया, थाना पिपरिया, जिला लखीसराय के रूप में की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिलखुश कुमार को कथित रूप से अवैध हथियार और गोली के प्रदर्शन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मामले में पिपरिया थाना कांड संख्या 97/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार एवं कारतूस के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Join us on: