नवोदय छात्रावास बना जंग का मैदान छात्रों में जमकर रोड़ेबाजी!

SHARE:

रिपोर्ट- पंकज कुमार!

अरवल जिले के करपी प्रखंड अंतर्गत शिवनगर नवोदय छात्रावास में छात्रों के बीच मारपीट और रोड़ेबाजी का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 28 सितंबर की शाम और 29 सितंबर की सुबह सातवीं, आठवीं और नौवीं कक्षा के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छात्रावास परिसर में ही रोड़ेबाजी व मारपीट शुरू हो गई। घटना में एक दर्जन से अधिक छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है। कई छात्रों के सिर में चोट लगी, जबकि कुछ के हाथ में चोट आने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और छात्रों के अभिभावक छात्रावास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने छात्रों की काउंसलिंग कराते हुए घटना में शामिल छात्रों को छात्रावास से प्रतिबंधित करने की कार्रवाई की। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार संबंधित छात्रों को विद्यालय में पढ़ाई करने की अनुमति रहेगी, लेकिन उन्हें छात्रावास में रहने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने विद्यालय के प्राचार्य, प्रधानाध्यापक और छात्रावास प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने देने को कहा। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों के हाथों में किताब-कॉपी और कलम होनी चाहिए, न कि लाठी-डंडे और पत्थर। इधर अभिभावकों ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। अभिभावकों का आरोप है कि छात्रावास में समय-समय पर ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे बच्चे भय और असुरक्षा के माहौल में पढ़ने को मजबूर हैं। अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे।

Join us on: