रिपोर्ट – पंकज कुमार!
कुर्था थाना क्षेत्र के विद्रोही चौक के समीप स्थित खुशी ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर पहुंचीं तीन महिला द्वारा लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ज्वेलरी दुकानदारों और आसपास के व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दुकान संचालक निर्भय कुमार उन्हें सोने के आभूषण दिखा रहे थे। इसी दौरान तीनो महिलाओं ने कथित तौर पर दुकानदार को बातचीत में उलझाया और मौका पाकर सोने के जितिया समेत अन्य आभूषण लेकर वहां से निकल गईं। महिलाओं के दुकान से जाने के बाद दुकानदार ने आभूषणों की जांच की तो कुछ सामान गायब मिला। इसके बाद आसपास महिलाओं की तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने दुकान संचालक से घटना की जानकारी लेने के साथ चोरी गए आभूषणों की संख्या और कीमत का सत्यापन शुरू कर दिया है। घटना के बाद ज्वेलरी दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने के साथ आरोपित महिलाओं की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




