रिपोर्ट – पंकज कुमार!
बधार में गिरे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
शौच के लिए खेत की ओर गए थे अशोक चौधरी, सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जहानाबाद। काजीसराय के समीप स्थित गोलखपुर गांव में मंगलवार देर शाम विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से करीब 55 वर्षीय अशोक चौधरी की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, अशोक चौधरी मंगलवार देर शाम शौच के लिए गांव से बाहर बधार की ओर गए थे। इसी दौरान खेत में पहले से गिरे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। करंट लगने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़े। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी क्रम में बधार में उन्हें गिरे हुए पाया गया।
परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर भी लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि खेत में विद्युत प्रवाहित तार गिरा हुआ था, जिसकी चपेट में आने से हादसा हुआ। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से खेतों एवं बधार में बिजली के तारों की स्थिति की जांच कराने तथा लापरवाही की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। बुधवार सुबह मृतक के शव को लेकर आगे की प्रक्रिया जारी थी।



