रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
नालंदा – कर्मा पूजा के बीच नालंदा जिले में बेहद दुखद और दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। करमा पूजा का दिन तीन परिवारों के लिए मातम का दिन बन गया। नगरनौसा और रहूई थाना क्षेत्र में तालाब और नदी में डूबने से एक युवक समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इन हादसों के बाद गांवों में चीख-पुकार मच गई और परिवारों की खुशियां गम में बदल गईं।
पहली घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के बलधा गांव की है, जहां दिलखुश कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं दूसरी घटना रहूई थाना क्षेत्र के बसानपुर गांव की है। बताया जाता है कि राधा देवी कर्म पूजा को लेकर गोईठवा नदी में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई।
तीसरी घटना रहूई थाना क्षेत्र के कुमारडीह गांव की है। यहां नंदनी कुमारी भी करमा पूजा को लेकर गोईठवा नदी में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान पानी में डूबने से उनकी जान चली गई।
इस तरह कर्म पूजा का यह पर्व नालंदा में कई परिवारों के लिए बेहद दुखद और मौत भरा दिन बन गया। जहां लोग पूजा की खुशियों में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे, वहीं तीन परिवारों में मातम छा गया।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने तीनों शवों को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




