रिपोर्ट – संतोष कुमार!
छपरा के गौरा थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर है… एसएच-90 पर खालिसपुर मठिया के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बुलेट सवार देवर-भाभी और स्कूटी सवार दो कारीगरों को कुचल दिया। हादसे में नवविवाहिता रीना देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
रीना अपने देवर रणवीर कुमार सिंह उर्फ मिट्ठू के साथ छपरा से बीए की परीक्षा देकर घर लौट रही थी। इसी दौरान ट्रक ने उनकी बुलेट को जोरदार टक्कर मार दी। वहीं स्कूटी सवार राजेश और जहांगीर भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने लगा। स्थानीय युवकों ने पीछा कर बावन के रास्ते अगहरा की ओर भाग रहे चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची गौरा पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि रीना की शादी महज दो महीने पहले हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर रीना की सास बहू को याद कर दहाड़ मारकर रोती रहीं। मौके पर गौरा और नगरा थाने की पुलिस मौजूद रही। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




