रिपोर्ट- मिथुन कुमार!
नालंदा जिला के अस्थावां थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए देसी कट्टा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक ऑटो भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के ओंदा गांव निवासी दिनेश माली के 18 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार और बिहार थाना क्षेत्र के माली टोला निवासी संजीत मालाकार के 18 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।
अस्थावां थानाध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने रविवार रात करीब 11:30 बजे बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ युवक देसी कट्टा लेकर ऑटो से आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से क्षेत्र में घूम रहे हैं। गश्ती के दौरान मालती गांव के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। पुलिस को देखकर ऑटो चालक तेज रफ्तार में भागने लगा। पीछा कर ऑटो रोकने के बाद दोनों युवकों से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर ऑटो जब्त कर लिया। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




