रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र स्थित पाली गोठ गांव में एक बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर हुआ फरार। चोरी की घटना रिटायर्ड कस्टम इंस्पेक्टर पाली गोठ गांव निवासी कृष्णानंद मिश्र के घर में हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी श्री मिश्र बीते 25 अगस्त को अपने घर में ताला लगाकर पत्नी के साथ अपने विंग कमांडर पुत्र के पास दिल्ली गये हुए थे। बताया जा रहा है कि 17 सितंबर बुधवार की देर शाम में दिल्ली से लौट कर जब वे वापस अपने घर पहुंचे, तो घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला और चोरी की घटना का पता चला। संभावना व्यक्त की जा रही है कि चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और फिर घर के करीब पांच कमरों की कुंडी और ताले तोड़कर तलाशी ली। चोरों ने घर से करीब 5 तोला सोना, चांदी की दो पायल और 4 लाख 75 हजार रुपये नकद सहित अन्य कीमती सामानों की चोरी कर ली। चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को भी काटकर अपने साथ ले गये, ताकि घटना से जुड़े फुटेज पुलिस के हाथ न लग सके
कुल मिलाकर तकरीबन 13 से 15 लाख रुपये मूल्य के सामानों की चोरी कर लिए जाने की बात कही जा रही है। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में भी लोगों के बीच चर्चा है। उधर घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थाना के अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गये। पुलिस चोरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस चोरी हुए सामान और नकदी की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच करने में जुटी है।



