भागलपुर – भीषण सड़क हादसा, अभियंता की मौत, 5 जख़्मी, हालत गंभीर!

SHARE:

रिपोर्ट – निभाष मोदी!

भागलपुर – पीरपैंती बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन पावर प्लांट के मुख्य गेट के समीप गुरुवार की रात करीब नौ बजे हुए सड़क हादसे में ताराचंद कंपनी के मैकेनिकल इंजीनियर शैलेश कुमार की मौत हो गई। हादसे में कंपनी के पांच अन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी कर्मी कंपनी के निर्माण कार्य से जुड़े बताए गए हैं।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कंपनी कर्मियों को लेकर जा रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार कर्मी उसमें फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।

छह कर्मी थे सवार

हादसे में मृत शैलेश कुमार उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहने वाले थे। घायलों में राजस्थान निवासी क्वालिटी इंजीनियर माधव कुमार, आजमगढ़ निवासी कंपनी के एचआर प्रमोद चौहान, बुलंदशहर निवासी सिविल इंजीनियर आकाश कुमार, सिविल इंजीनियर गोविंद कुमार और इंजीनियर राजकिशोर शामिल हैं।

सभी घायलों को तत्काल पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत और पावर प्लांट ओपी प्रभारी आमोद ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को अपने कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बोलेरो के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि वाहन अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही पावर प्लांट में कार्यरत अन्य कर्मी और कंपनी के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद पावर प्लांट परिसर में शोक का माहौल है।

Join us on: