:- रवि शंकर अमित!
मुख्य बिंदु :-
अभियंता बेहतर गुणवत्ता के साथ-साथ निर्माण कार्य की अपनी विशिष्ट शैली से नया इतिहास रचते रहेंगे, मुझे ऐसी उम्मीद है।
बिहार में आधारभूत संरचनाओं, भवनों के साथ-साथ कई सेक्टर में निर्माण कार्य किया गया है, इसमें अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बिहार को समृद्ध प्रदेश बनाना है। वर्ष 2047 तक बिहार को ऐसा बनाना है कि फिर से अपने गौरवशाली अतीत को प्राप्त कर सके।
पटना 15 सितम्बर 2026 : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा के सरकारी आवास 3, स्ट्रैंड रोड में आयोजित ‘भगवान विश्वकर्मा के संतान अभियंताओं का अभिनंदन सम्मान-सह-अभियंता संगोष्ठी’ कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने भारत रत्न स्व० डॉ० मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम के दौरान दीया भी जलाया। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल जो कि अभियंता भी हैं, सहित अन्य अभियंताओं अभियंताओं को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अभियंता दिवस के अवसर पर सभी अभियंताओं को शुभकामनायें देता हूं। आज अभियंताओं का अभिनंदन सम्मान-सह अभियंता संगोष्ठी कार्यक्रम में मुझे भी शामिल होने का मौका मिला है। मैंने भारत रत्न स्व० डॉ० मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया जी के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा जी से कहा था कि अभियंताओं का सम्मान होना चाहिये। उन्होंने इस कार्यक्रम को आयोजित किया है, इसके लिये उन्हें धन्यवाद देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में आधारभूत संरचना के साथ-साथ कई चीजों का निर्माण कार्य किया गया है। लगभग 50 लाख गरीबों को पक्का मकान बनाकर मिला। अगले 5 वर्षों में 60 लाख और पक्के मकान बनाये जायेंगे, इसका लाभ बिहार के गरीब लोगों को भी मिलेगा। बिहार में भी आधारभूत संरचनाओं, भवनों के साथ-साथ कई सेक्टर में निर्माण कार्य किया गया है। इसमें अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बिहार में बदलाव हुआ है, बिहार में और कई चीजों का निर्माण कार्य चलता रहेगा। अभियंता बेहतर गुणवत्ता के साथ-साथ निर्माण कार्य की अपनी विशिष्ट शैली से नया इतिहास रचते रहेंगे, मुझे ऐसी उम्मीद है। वे पूंजी की बचत के
साथ-साथ अपनी मेहनत से बिहार के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। बिहार को समृद्ध प्रदेश बनाना है। वर्ष 2047 तक बिहार को ऐसा बनाना है कि फिर से अपने गौरवशाली अतीत को प्राप्त कर सके, इसमें आप सभी अभियंताओं का सहयोग चाहिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार हमेशा बाढ़ से प्रभावित रहा है। इस बार 34 प्रतिशत कम वर्षापात के बावजूद बाढ़ की स्थिति बनी। आज हमलोगों ने कैबिनेट से गाद नीति पारित की है। कोसी, गंडक और गंगा नदी को व्यवस्थित करना है। हमलोग बाढ़ के स्थायी समाधान के लिये काम कर रहे हैं। बाढ़ प्रबंधन, कृषि क्षेत्र सहित सभी निर्माण कार्यों में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। आपके हुनर की कद्र करते हैं। बिहार बदलेगा जब इंजीनियर पूरी मजबूती के साथ सरजमीं पर काम करेंगे। आज के इस अवसर पर आप सभी को शुभकामनायें देते हैं और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।
कार्यक्रम को कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक श्री संजय सरावगी ने भी संबोधित किया।
कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा एवं अंगवस्त्र भेंटकर
स्वागत किया।
इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री श्री अरूण शंकर प्रसाद, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्रीमती रमा निषाद, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री श्री लखेन्द्र कुमार रौशन, अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अभियंतागण उपस्थित थे।



