रिपोर्ट – चंद्रशेखर!
बांका…धोरैया थाना क्षेत्र के जोठा गांव स्थित तालाब में मंगलवार को नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया है और आगामी कर्मा-धर्मा पर्व की खुशियां मातम में बदल गई है। मृतकों की पहचान जोठा गांव निवासी गुड्डू लैय्या की 13 वर्षीय पुत्री कोमल कुमारी और कांग्रेस लैय्या की 15 वर्षीय पुत्री जानकी कुमारी के रूप में हुई है।ग्रामीणों के अनुसार, दोनों बच्चियां कर्मा-धर्मा पर्व को लेकर अन्य बच्चों के साथ पिछले चार दिनों से रोजाना की तरह तालाब में स्नान करने गई थी। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूब गईं। आसपास के लोगों ने जब तक उन्हें बाहर निकाला, तब तक उनकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी।परिजनों और ग्रामीणों द्वारा दोनों बच्चियों को तुरंत आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धोरैया पहुंचाया गया। जहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही धोरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। एक साथ दो घरों के चिराग बुझ जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।




