नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप, पैसे लेकर भागा, आमना सामना होते ही मच गया बवाल!

SHARE:

रिपोर्ट – निभाष मोदी!

नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप! सरकारी नौकरी दिलाने के लिए मांगे एक लाख, पैसे लेने के बाद गायब हुआ युवक, गोरहट्टा चौक पर आमना-सामना होते ही मचा हाई वोल्टेज ड्रामा

भागलपुर,अगर आप भी भागलपुर में सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे हैं और कोई व्यक्ति नौकरी लगवाने के नाम पर आपसे पैसे की मांग कर रहा है, तो सावधान हो जाइए। भागलपुर में नौकरी के नाम पर पैसे मांगने और कथित तौर पर ठगी किए जाने का एक और मामला सामने आया है। कजरैली के रहने वाले एक युवक ने किशोर कुमार नामक युवक पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि पैसे लेने के बाद किशोर कुमार ने युवक से दूरी बना ली और उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया।

दरअसल, कजरैली निवासी युवक का आरोप है कि किशोर कुमार ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले उससे एक लाख रुपये की मांग की गई। नौकरी मिलने की उम्मीद में युवक ने कथित तौर पर पैसे दे दिए। लेकिन इसके बाद हालात बदल गए। आरोप के मुताबिक, पैसे लेने के बाद किशोर कुमार न तो युवक का फोन उठा रहा था और न ही उससे कोई संपर्क कर रहा था।काफी समय तक संपर्क नहीं होने के बाद पीड़ित युवक लगातार परेशान रहा। उसे समझ नहीं आ रहा था कि नौकरी दिलाने का भरोसा देने वाला व्यक्ति आखिर अचानक कहां गायब हो गया। इसी बीच, भागलपुर के गोरहट्टा चौक पर दोनों युवकों का अचानक आमना-सामना हो गया। इसके बाद मौके पर देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नौकरी के नाम पर पैसे देने वाले युवक ने किशोर कुमार को देखते ही उससे कथित तौर पर रकम वापस करने और पूरे मामले को लेकर सवाल-जवाब करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते गोरहट्टा चौक पर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। स्थिति को देखते हुए 112 नंबर पर सूचना दी गई।सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और किशोर कुमार को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। फिलहाल, पूरे मामले में पुलिस की पूछताछ और आगे की कार्रवाई का इंतजार है। यह स्पष्ट होना बाकी है कि युवक से वास्तव में कितनी रकम ली गई थी, नौकरी दिलाने का वादा किस आधार पर किया गया था और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Join us on: