नवादा- साइबर ठगी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो साइबर अपराधी गिरफ्तार!

SHARE:

नवादा / सोनू सिंह ।

वारिसलीगंज में साइबर ठगी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो साइबर अपराधी गिरफ्तार,बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस सहित अन्य कंपनियों और विभिन्न प्रकार के लोन के नाम पर लोगों को ऑनलाइन लोन देने का झांसा देकर करते थे ठगी ।

नवादा। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत वारिसलीगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 9,770 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, नवादा के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बाधी और चकवाय में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान बाधी से एक साइबर अपराधी को दो एंड्रॉयड मोबाइल के साथ पकड़ा गया, जबकि चकवाय से एक अन्य साइबर अपराधी को एक एंड्रॉयड मोबाइल और साइबर ठगी के 9,770 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूपांशू कुमार (24 वर्ष), पिता स्व. मुन्द्रिका प्रसाद, निवासी मीरबिगहा (चकवाय), थाना वारिसलीगंज तथा राजेश कुमार (21 वर्ष), पिता स्व. दुखन मालाकार, निवासी चकवाय, थाना वारिसलीगंज के रूप में हुई है।

ऐसे करते थे साइबर ठगी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस सहित अन्य कंपनियों और विभिन्न प्रकार के लोन के नाम पर लोगों को ऑनलाइन लोन देने का झांसा देते थे। इसके लिए कस्टमर डाटा और फेसबुक से मोबाइल नंबर प्राप्त कर लोगों को फोन किया जाता था।

लोगों का विश्वास जीतने के लिए कभी खुद को बैंक मैनेजर तो कभी अन्य स्टाफ बताकर बातचीत की जाती थी। जाल में फंसने के बाद आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की फोटो कॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो और ई-मेल आईडी जैसी निजी जानकारी मांगी जाती थी। इसके बाद लोन की प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रुपये की मांग कर ठगी की जाती थी।

पुलिस ने इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 659/26, दिनांक 12.09.2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामदगी

03 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
₹9,770 नकद

छापेमारी दल में वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी तथा प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार राय सहित पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे।

Join us on: