अररिया- मिट्टी धंसने से दो मासूमों की मौत, एक बच्चा रेफर!

SHARE:

रिपोर्ट – मो. मुर्शिद!

मिट्टी धंसने से दो मासूमों की मौत, एक बच्चा रेफर

अवैध मिट्टी कटाई का आरोप, हादसे के बाद NH-27 पर घंटों हंगामा

नरपतगंज. मधुरा पश्चिम नगर पंचायत के वार्ड संख्या 1 में दर्दनाक हादसा हो गया. फुलकाहा थाना क्षेत्र में मुख्य नहर के बांध से कथित रूप से मिट्टी काटे जाने के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई. इस दौरान वहां खेल रहे बच्चे मिट्टी के नीचे दब गए. हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे को इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल रेफर किया गया.

मृतकों की पहचान मधुरा पश्चिम वार्ड संख्या 1 निवासी रविंद्र पासवान के 8 वर्षीय पुत्र अयांस कुमार और संजीत कुमार पासवान के 7 वर्षीय पुत्र साजन कुमार के रूप में हुई है. वहीं, छोटू कुमार पासवान के 8 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

मिट्टी धंसने से हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य नहर के बांध से मिट्टी काटने के कारण वहां गहरी जगह और ढलान बन गई थी. इसी दौरान बच्चे आसपास खेल रहे थे. अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया और बच्चे उसकी चपेट में आ गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने बच्चों को मिट्टी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

दो बच्चों की मौत के बाद बढ़ा आक्रोश

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास किया. हालांकि, परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया. इसके बाद दोनों बच्चों के शवों को नरपतगंज थाना के समीप NH-27 पर रखकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.

प्रदर्शन कर रहे लोग जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

विधायक की पहल पर समाप्त हुआ जाम

सूचना मिलने पर नरपतगंज विधायक देवयंती यादव मौके पर पहुंचीं. उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना पर दुख जताया. विधायक की पहल के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया. इसके बाद परिजन बच्चों के शवों के पोस्टमार्टम के लिए अररिया ले जाने को तैयार हुए.

मिट्टी कटाई को लेकर उठे सवाल

हादसे के बाद मुख्य नहर के बांध से मिट्टी कटाई को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कथित रूप से मिट्टी काटे जाने के कारण नहर के किनारे खतरनाक गड्ढा और ढलान बन गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि अवैध मिट्टी कटाई की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.

डॉक्टर ने क्या कहा__

नरपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर डॉ. रंजीत रंजन ने बताया कि घटनास्थल से कुल तीन बच्चों को अस्पताल लाया गया था. इनमें दो बच्चों को जांच के बाद मृत पाया गया. दोनों में कोई वाइटल साइन नहीं मिला और उनकी स्थिति अस्पताल पहुंचने से पहले ही गंभीर थी. एक बच्चे की हालत स्थिर थी. उसके वाइटल साइन की जांच की गई और कुछ समय ऑक्सीजन पर रखकर निगरानी की गई. स्थिति स्थिर होने के बाद उसे आगे के इलाज और आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर किया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चों की मौत मिट्टी में दबने के कारण हुई है, जबकि घटना की पूरी परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

Join us on: