रिपोर्ट – सुमित कुमार!
जश्न की धुन में लाइसेंसी बंदूक से की फायरिंग, बैंककर्मियों समेत पांच गिरफ्तार। प्रमोशन की खुशी में किराये के मकान में चल रही थी शराब-मुर्गे की पार्टी, 14 जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद!
-मुंगेर : प्रमोशन की खुशी में आयोजित पार्टी के दौरान लाइसेंसी हथियार से फायरिंग करना आईसीआईसीआई बैंक के कर्मियों को महंगा पड़ गया। कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेटवन बाजार स्थित अरगड़ा रोड, दुर्गा स्थान के समीप शुक्रवार की रात किराये के मकान में चल रही पार्टी के दौरान कई राउंड फायरिंग की गई। गोलियों की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही कासिम बाजार थाना पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर बैंककर्मियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक लाइसेंसी दोनाली डीबीएल गन, 14 जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए हैं। बताया जाता है की मुख्य बाजार स्थित आईसीआईसीआई बैंक के उपशाखा प्रबंधक सुधांशु सहाय ने अपने प्रमोशन की खुशी में बैंक के कर्मचारियों के लिए किराये के मकान में पार्टी आयोजित की थी। पार्टी में शराब और चिकेन की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान नशे में धुत लोगों ने कमरे में रखी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और खिड़की से लगातार फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक गोलियां चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और अपने घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लिए। फायरिंग की सूचना मिलने पर कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की और वहां मौजूद पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल से हथियार, कारतूस और खोखे बरामद किए गए।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस को बेटवन बाजार के अरगड़ा रोड स्थित एक मकान में पार्टी के दौरान फायरिंग किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आईसीआईसीआई बैंक के कर्मियों सुधांशु सहाय, राहुल कुमार सहनी, शशांक शेखर सिंह और आशीष कुमार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी के मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है।एसपी ने बताया कि जिस लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की गई, वह कैश वैन गार्ड रामबल्ली का है। रामबल्ली धरहरा प्रखंड के बरमन्नी गांव का रहने वाला है। बताया गया कि वह अपनी लाइसेंसी बंदूक आईसीआईसीआई बैंक के उपशाखा प्रबंधक के घर पर रखकर जाता था। पार्टी के दौरान इसी हथियार को निकालकर कई राउंड फायरिंग की गई। उन्होंने बताया की पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी ने बताया कि लाइसेंसी हथियार का लाइसेंस रद्द करने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा। मामले में पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
बाइट : सैयद इमरान मसूद एसपी मुंगेर




