:- रवि शंकर अमित!
दिनांक- 11 सितंबर 2026
स्थान- पटना
पटना। जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में शुक्रवार को पार्टी के उच्चस्तरीय शिष्टमंडल ने MLC चुनाव की मतदाता सूची में विसंगतियों और सुधार की मांग को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), बिहार से मुलाकात की। इस दौरान शिष्टमंडल ने मतदाता सूची में सुधार को लेकर CEO बिहार को अपना आवेदन सौंपा। इस दौरान मनोज भारती ने कहा कि दो दिन पहले ही हमने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आप लोगों को बताया था कि MLC चुनाव में जो वोटरलिस्ट निकली है उसमें बहुत ज्याद विसंगतियां पायी गई। उदाहरण के लिए हमने आप लोगों के सामने तिरहुत क्षेत्र से 1668 नाम हैं, जो डूप्लीकेट हैं। एक ही नाम दो-दो बार हैं, उसकी एक सूची भी आप लोगों के सामने रखी थी।
उसी संदर्भ में आज हमने निर्वाचन आयोग को एक ज्ञापन दिया है। उन्होंने हमारा ज्ञापन लिया है और इस बात का भी संज्ञान लिया है कि गलतियां नोटिस की गई हैं। निर्वाचन आयोग इसे सुधारने में लगा हुआ है। उनका कहना है कि जब चुनाव की घोषणा नहीं हो जाएगी, तब तक नामों में जो संशोधन होना है, वह चलता रहेगा। उसके बाद जो वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी, उसी के आधार पर चुनाव होगा।
उन्होंने कहा निर्वाचन आयोग से हमारा दूसरा अनुरोध यह है कि विधानसभा या लोकसभा के लिए वोटर लिस्ट बनाने के समय जो प्रक्रिया अपनाई जाती है, वही प्रक्रिया विधान परिषद के चुनाव के लिए भी अपनाई जानी चाहिए। चुनाव से पहले होने वाले रिवीजन में दो अलग-अलग कॉलम बनाए जाएं एक स्नातक और दूसरा शिक्षक। निर्वाचन आयोग अपनी सूची को सॉर्ट आउट करके शिक्षक और स्नातक के लिए वोटर लिस्ट तैयार करे।
मनोज भारती ने कहा कि इस पर निर्वाचन आयोग की ओर से कुछ तकनीकी बातें बताई गईं और कहा गया कि यह विधि-विधान में परिवर्तन से जुड़ा विषय है, जो उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। उन्होंने कहा, “ज्ञापन सौंपने के दौरान हमने सिर्फ इतना निवेदन किया कि हमारी मांगों को केंद्र में निर्वाचन आयोग के पास भेजें और वहां इस विषय को रखें।
फाइनल लिस्ट में यह अशुद्धि नहीं होने का मिला आश्वासन: कुमार सौरभ
वहीं, कुमार सौरभ ने कहा जो सूची आई थी, उसे संशोधित किया जाना चाहिए था। सूची में गड़बड़ी है, इसका सबूत भी जन सुराज पार्टी ने दिया है। लेकिन उनका कहना था कि यह एक सतत प्रक्रिया है। चुनाव की अधिसूचना आने के बाद एक फाइनल लिस्ट जारी होगी। उसमें चुनाव आयोग का प्रयास होगा कि कोई त्रुटि न रहे। उन्होंने आश्वासन दिया है कि फाइनल लिस्ट में यह अशुद्धि नहीं रहेगी। साथ में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ और पूर्व आईपीएस जितेन्द्र मिश्रा मौजूद रहे।



