मोतिहारी-मठिया मोहन डकैती कांड का खुलासा, सीतामढ़ी से जुड़े चार अपराधी गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!

सिकरहना की पांच डकैतियों की खुलीं कड़ियां, 15.50 लाख नकद, पिस्टल-कारतूस, 2.107 किलो चरस, चांदी के जेवर और R15 बरामद

मोतिहारी :पूर्वी चंपारण के ढाका थाना क्षेत्र के मठिया मोहन गांव में मनोज कुमार शर्मा के घर 31 अगस्त की रात हुई डकैती का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी जिले के रहने वाले महम्मद सफीक मंसूरी सहित 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से नकदी, हथियार, चरस, चांदी के जेवर, मोबाइल और मोटरसाइकिल समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया है।

मठिया मोहन में हुई एक डकैती घटना के बाद पुलिस ने मैनुअल और वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से अपराधियों की तलाश शुरू की। जांच में डकैती के तार सीतामढ़ी जिले के बेला, परिहार, बथनाहा और मेहसौल क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने इन इलाकों में गुप्तचर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस को बथनाहा थाना क्षेत्र के भलही गांव निवासी महम्मद सफीक मंसूरी उर्फ बन्ठा के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, सफीक पूर्व में डकैती के एक मामले में जेल जा चुका था और हाल ही में जेल से बाहर आया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सफीक ने सिकरहना अनुमंडल क्षेत्र में हुई पांच डकैती की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों के बारे में जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में नेपाल के भी कई अपराधी शामिल हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और पूर्व में हुई डकैती की घटनाओं में शामिल अन्य अपराधियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

15.50 लाख नकद और हथियार बरामद

सफीक की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर 15 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक अत्याधुनिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, 2.107 किलोग्राम चरस, दरवाजा तोड़ने वाले दो लोहे के रॉड, पांच एंड्रॉयड मोबाइल, करीब 300 ग्राम चांदी के जेवर और एक R15 मोटरसाइकिल बरामद की है।

बरामद चांदी के जेवर में पांच जोड़ी पायल, दो जोड़ी लॉकेट, एक सिकड़ी, कमर की चाबी और सात अंगूठियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद R15 मोटरसाइकिल डकैती की रकम से खरीदी गई थी।

चारों गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास

छापेमारी के दौरान महम्मद सफीक मंसूरी, तनवीर शेख, शंभू पासवान और अमरनाथ ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी सीतामढ़ी जिले के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मठिया मोहन में हुई एक डकैती की जांच के बाद पुलिस ने सिकरहना अनुमंडल में हुई पांच डकैती की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में सफलता हासिल की है। अब पुलिस की नजर गिरोह के उन सदस्यों पर है जो अभी गिरफ्त से बाहर हैं। विशेष रूप से नेपाल से जुड़े अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।

बाईट :__ अभिषेक कुमार, सीकरहना SDPO

Join us on: